चुनाव 26 : जिला कमेटी उपाध्यक्ष ने तृणमूल उम्मीदवार के जीत का आंकड़ा पेश किया
आसनसोल, 19 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के श्रीपल्ली इलाके में स्थित अपने आवासीय कार्यालय में रविवार को तृणमूल कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय मुखर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन कर आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। नक्सल नेता स्वर्गीय महादेव मुखर्जी के बेटे मृत्युंजय मुखर्जी ने अपनी टीम द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के आधार पर कहा कि इस बार भी राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने जिले की सभी विधानसभा सीटों पर विस्तृत सर्वे कराया, जिसमें यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि पश्चिम बर्दवान की सभी नौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह उनकी टीम का आकलन है और वास्तविक परिणाम इससे अलग भी हो सकते हैं।
मृत्युंजय मुखर्जी ने कहा कि चुनाव के समय मतदाता बेहद सोच-समझकर मतदान करते हैं और यह देखते हैं कि कौन-सी पार्टी और नेता उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उनके अनुसार, बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी रही है जिसने जनता के साथ लगातार जुड़ाव बनाए रखा है, यही वजह है कि जनता का भरोसा आज भी पार्टी के साथ है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जिले की प्रत्येक विधानसभा सीट पर संभावित जीत का अंतर भी साझा किया। उनके अनुसार, दुर्गापुर पश्चिम सीट से प्रदीप मजूमदार करीब 22 हजार वोटों से, दुर्गापुर पूर्व से कवि दत्त 20 हजार वोटों से और जमुरिया से हरेराम सिंह लगभग पांच हजार वोटों से जीत हासिल करेंगे। पांडेश्वर सीट से नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती 33 हजार वोटों से और बाराबनी सीट से विधान उपाध्याय 40 हजार वोटों के बड़े अंतर से विजयी होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि रानीगंज से कालो बरन मंडल 10 हजार वोटों से, कुल्टी से अभिजीत घटक आठ हजार वोटों से, आसनसोल दक्षिण से तापस बनर्जी छह हजार वोटों से तथा आसनसोल उत्तर से मलय घटक 18 हजार वोटों से जीत दर्ज करेंगे।
मृत्युंजय मुखर्जी ने भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस जिले की सभी सीटों पर मजबूत प्रदर्शन करेगी और भारी बहुमत के साथ जीत हासिल कर राज्य में एक बार फिर सरकार बनाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

