तृणमूल ने खुद तोड़ा जिला कार्यालय का अवैध हिस्सा
कूचबिहार ,16 मई (हि.स.)। कूचबिहार में तृणमूल कांग्रेस के जिला कार्यालय के बढ़े हुए हिस्से को आखिरकार हटा दिया गया। शहर के व्यस्त कूचबिहार-दिनहाटा रोड स्थित भवाल मोड़ इलाके में पार्टी ने खुद ही शनिवार को अपने कार्यालय का अवैध निर्माण तोड़ना शुरू किया, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब चार साल से फुटपाथ पर कब्जा कर यह हिस्सा बनाया गया था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। हालांकि पहले सत्ता में होने के कारण इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
हाल ही में प्रशासन ने फुटपाथ अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए है। इसी के बाद तृणमूल ने खुद पहल करते हुए पहले नए बाजार इलाके में अपने एक कार्यालय को हटाया और अब जिला कार्यालय का हिस्सा भी तोड़ना शुरू कर दिया। इस मामले पर तृणमूल नेता अभिजीत दे भौमिक ने कहा कि प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए यह कदम उठाया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कानूनी कार्रवाई से बचने और बदले हालात को देखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

