ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है तृणमूल : खगेन मुर्मू
सिलीगुड़ी, 03 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद खगेन मुर्मू ने तृणमूल कांग्रेस में जारी खींचतान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पार्टी ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है। रेलवे की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए मालदा उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू बुधवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस का जनाधार पहले ही खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग लंबे समय से बदलाव चाहते थे, क्योंकि वे सरकार से निराश और वंचित महसूस कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ अत्याचार और अन्य गंभीर घटनाओं को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कभी गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते जनता, खासकर युवा और महिलाओं ने बदलाव का फैसला किया।
उन्होंने यह भी कहा कि “नया तृणमूल” ज्यादा दिनों तक टिकने वाला नहीं है और पार्टी धीरे-धीरे टूट रही है।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में तृणमूल में सिर्फ ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ही रह जाएंगे।
वहीं, तृणमूल के प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए खगेन मुर्मू ने कहा कि “जो भी भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी में शामिल है, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। एक भी दोषी बच नहीं पाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर गृह मंत्री और मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट रुख अपना चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

