home page

चुनाव 26 : हावड़ा में नामांकन को लेकर माकपा और तृणमूल समर्थकों में टकराव, ओल्ड कलेक्टरेट के पास तनाव

 | 
चुनाव 26 : हावड़ा में नामांकन को लेकर माकपा और तृणमूल समर्थकों में टकराव, ओल्ड कलेक्टरेट के पास तनाव


हावड़ा, 06 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में नामांकन दाखिल करने को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच सोमवार को तीखा टकराव हो गया। यह घटना ओल्ड कलेक्टरेट भवन के पास हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया। हालात को देखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) को भी मैदान में उतारा गया।

दोपहर में हावड़ा मैदान मेट्रो स्टेशन के सामने से माकपा कार्यकर्ताओं का एक जुलूस आगे बढ़ा। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस का भी एक जुलूस वहां पहुंचा। जैसे ही दोनों जुलूस ओल्ड कलेक्टरेट के पास आमने-सामने आए, दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।

आरोप है कि माकपा समर्थक “चोर-चोर” और “तृणमूल दूर हटो” जैसे नारे लगा रहे थे। इसके जवाब में तृणमूल समर्थकों ने “जय बांग्ला” के नारे लगाए।

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि वे डोमजूर से अपने उम्मीदवार के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि माकपा कार्यकर्ताओं को प्रवेश दिया गया।

वहीं माकपा का कहना है कि उनके केवल पांच प्रतिनिधि ही अंदर गए थे और बाद में प्रशासन द्वारा बैरिकेड हटाने के बाद बाकी लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिली।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय