home page

कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी तृणमूल, ममता बनर्जी ने पार्षदों के साथ की बैठक

 | 
कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी तृणमूल, ममता बनर्जी ने पार्षदों के साथ की बैठक


कोलकाता, 22 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता नगर निगम के पार्टी पार्षदों के साथ अपने कालीघाट स्थित आवास पर बैठक की।

यह बैठक ऐसे समय हुई, जब शुक्रवार को होने वाला कोलकाता नगर निगम का निर्धारित मासिक सत्र एक दिन पहले जारी नोटिस के जरिए रद्द कर दिया गया था। निगम सचिव की ओर से जारी इस नोटिस के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी काफी चर्चा रही।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में नगर निगम के भीतर तृणमूल पार्षदों की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। वर्ष 2026 के अंत तक कोलकाता नगर निगम चुनाव होने हैं और पार्टी अभी से चुनावी रणनीति को लेकर सक्रिय हो गई है।

कोलकाता नगर निगम में तृणमूल कांग्रेस का भारी बहुमत है। कुल 144 वार्डों में से 136 वार्डों पर पार्टी का कब्जा है। हालांकि हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से मिली हार के बाद तृणमूल अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह भरने की कोशिश कर रही है।

उधर, नगर निगम का सत्र रद्द होने के बाद तृणमूल पार्षदों ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय स्थित पार्षद क्लब में अनौपचारिक बैठक भी की। बताया गया कि सत्र रद्द होने के कारण निगम सदन बंद रहा।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर