रथींद्र बोस से कथित दुर्व्यवहार मामले में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार
कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में वर्तमान स्पीकर रथींद्र बोस से कथित दुर्व्यवहार के मामले में कोचबिहार कोतवाली थाने की पुलिस ने कोचबिहार नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद उज्ज्वल तर को गिरफ्तार कर लिया है। तृणमूल कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।
घटना प्रथम चरण के चुनाव से पहले की बताई जा रही है। आरोप है कि चुनाव से एक रात पहले रथींद्र बोस वार्ड नंबर-2 में एक भाजपा कार्यकर्ता से मिलने गए थे। उसी दौरान तृणमूल की ओर से आरोप लगाया गया था कि भाजपा प्रत्याशी इलाके में पैसे बांटने पहुंचे थे।
तृणमूल पार्षद उज्ज्वल तर के नेतृत्व में उस समय रथींद्र बोस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया था। हालांकि भाजपा का दावा था कि विधानसभा अध्यक्ष केवल एक बीमार भाजपा कार्यकर्ता का हालचाल जानने गए थे और वहां पैसे बांटने या चुनाव प्रचार जैसा कोई मामला नहीं था। घटना के समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले विधायक के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। वहीं, गिरफ्तार पार्षद का कहना है कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत गिरफ्तार किया गया है।
गुरुवार शाम पार्षद की मां मीना तर ने कहा कि चुनाव से पहले की रात रथींद्र बोस वार्ड नंबर-2 में पैसे बांटने आए थे। मेरे बेटे और अन्य तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया था। उसने कोई अपराध नहीं किया। आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

