दुबराजपुर में तृणमूल कांग्रेस को झटका, पार्षद सागर कुंडू ने छोड़ी पार्टी
बीरभूम, 26 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव के बीच नगरपालिकाओं में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। इसी कड़ी में बीरभूम जिले के दुबराजपुर नगरपालिका के पार्षद और शहर युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सागर कुंडू ने पार्टी और अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है।
आंखों में आंसू और गले में रुंधे स्वर के साथ सागर कुंडू ने कहा कि अब उनका तृणमूल कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। मंगलवार सुबह वह इलाके में घर-घर जाकर लोगों को खुद यह जानकारी देते हुए कहा कि अब वह वार्ड के पूर्व पार्षद हैं। उन्होंने कहा कि मैं अब पार्षद पद पर नहीं रहूंगा। साथ ही शहर युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष का पद भी छोड़ रहा हूं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह तृणमूल कांग्रेस से “सभी संबंध समाप्त” कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि पद और पार्टी छोड़ने के बावजूद आम लोगों की सेवा करते रहेंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह फैसला राज्य में तृणमूल की सत्ता जाने के कारण लिया गया है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा दिन देखना पड़ेगा, यह कभी नहीं सोचा था। लेकिन जनता का फैसला ही अंतिम होता है।
दुबराजपुर के तृणमूल विधायक अनूप कुमार साहा ने इस मुद्दे पर फिलहाल ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यदि आधिकारिक रूप से इस्तीफा दिया जाता है, तब स्थिति देखी जाएगी। विधायक ने कहा कि दुबराजपुर नगरपालिका में हुए सभी कार्यों के आधार पर हर पार्षद पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यदि किसी ने कहीं कोई भ्रष्टाचार किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, स्थानीय भाजपा नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व ही संकट में है, ऐसे में पार्टी में रहकर कोई क्या करेगा। उनका कहना है कि जो होना था, वही हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

