बप्पादित्य दासगुप्ता की गिरफ्तारी के बाद विरोध, कोर्ट ले जाते समय फेंके गए अंडे
कोलकाता, 07 जून (हि. स.)। कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 101 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता की गिरफ्तारी के बाद रविवार को दक्षिण-पूर्व कोलकाता में लोगों का आक्रोश देखने को मिला।
जबरन वसूली समेत विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किए गए पार्षद को जब पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच अलीपुर अदालत ले जा रही थी, तब बड़ी संख्या में लोग पटुली थाने के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें चोर-चोर कहकर विरोध जताया।
इस दौरान कुछ लोगों ने बप्पादित्य दासगुप्ता पर अंडे भी फेंके। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें सुरक्षित अदालत पहुंचाया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने शनिवार शाम बप्पादित्य दासगुप्ता और उनके सहयोगी सौरव घोष को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

