home page

पूर्व मेदिनीपुर में तृणमूल पार्षद कनाइलाल दास गिरफ्तार, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों में कार्रवाई

 | 
पूर्व मेदिनीपुर में तृणमूल पार्षद कनाइलाल दास गिरफ्तार, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों में कार्रवाई


पूर्व मेदिनीपुर, 23 जून (हि. स.)। जिले के तमलुक नगरपालिका क्षेत्र के प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस पार्षद कनाइलाल दास को पुलिस ने मंगलवार को भ्रष्टाचार और विभिन्न अनियमित गतिविधियों से जुड़े कई आरोपों के तहत गिरफ्तार कर लिया। कनाइलाल दास को तमलुक क्षेत्र में पार्टी और सामाजिक स्तर पर अत्यंत प्रभावशाली नेता माना जाता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल ही में कनाइलाल दास से जुड़े एक किराए के मकान पर छापेमारी की गई थी। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने वहां से बड़ी मात्रा में स्कूली छात्रों के स्कूल यूनिफॉर्म और साड़ियां शामिल थीं, बरामद कीं। ये सामान मकान के अलग-अलग कमरों में बिखरे हुए पाए गए। इसके अलावा मामले से जुड़े एक अन्य ठिकाने से भारी मात्रा में तिरपाल भी जब्त किए गए।

इन बरामदगियों के बाद मंगलवार सुबह पुलिस की एक टीम कनाइलाल दास के आवास पहुंची और उनसे पूछताछ की गई। अधिकारियों ने बताया कि जब उनसे किराए के मकान में मिले सामान के भंडारण और वहां रखे जाने के कारणों को लेकर सवाल किया गया, तो वह संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कनाइलाल दास तमलुक क्षेत्र के बेहद प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते हैं। सामाजिक व राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ रही है। बताया जाता है कि उनके तमलुक और आसपास के क्षेत्रों में कई नर्सिंग होम हैं तथा वह स्थानीय नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कई संगठनात्मक और राजनीतिक निर्णय अक्सर उनसे सलाह-मशविरा करने के बाद ही लिए जाते थे।

कनाइलाल दास पर हाल ही में एक स्थानीय निवासी के साथ मारपीट की घटना में भी आरोप लगे थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद दर्ज मामलों में इस आरोप को भी शामिल किया गया है या नहीं।

गौरतलब है कि सार्वजनिक प्रतिनिधियों पर भ्रष्टाचार, उगाही और अन्य आपराधिक मामलों के आरोपों को लेकर राज्य में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल के वर्षों में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता और पार्षद कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं।

फिलहाल पुलिस द्वारा छापेमारी के दौरान जब्त किए गए सामानों की जांच की जा रही है और कनाइलाल दास से जुड़े अन्य गतिविधियों की भी विस्तृत जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता