home page

रिषड़ा नगर पालिका के वार्ड 20 के पार्षद शीतल घटक और उनके पुत्र गिरफ्तार

 | 
रिषड़ा नगर पालिका के वार्ड 20 के पार्षद शीतल घटक और उनके पुत्र गिरफ्तार


हुगली, 11 जून (हि. स.)। रिषड़ा नगर पालिका के वार्ड संख्या 20 के पार्षद शीतल घटक, उनके पुत्र तथा अन्य व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर रिषड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पार्षद शीतल घटक और उनके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को संजीत बर्मन नामक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पार्षद शीतल घटक, उनके पुत्र तथा अन्य सहयोगियों ने उनके पार्षद कार्यकाल के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं में लाभार्थियों से कथित तौर पर धन उगाही, रंगदारी, मारपीट, आपराधिक धमकी तथा तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दिया।

शिकायत मिलने के बाद रिषड़ा थाने में एक मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित पार्षद शीतल घटक और उनके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। मामले के अन्य दो आरोपित पहले से ही रिषड़ा थाने के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार पार्षद और उनके पुत्र को पुलिस हिरासत की मांग के साथ गुरुवार को श्रीरामपुर महकमा अदालत में पेश किया जायेगा। वहीं, मामले के अन्य दो आरोपितों को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत शो अरेस्ट कर पुलिस हिरासत में लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आएंगे, मामले में शामिल अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को स्थानीय लोगों ने तृणमूल पार्षद शीतल घटक के घर के बाहर विभिन्न आरोपों को लेकर खूब हंगामा किया था। जिसके बाद पुलिस शीतल घटक को बचाकर थाने लाई थी। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने शीतल घटक पर अंडे भी चलाये थे। बहरहाल, देर रात पुलिस ने शीतल घटक और उनके पुत्र की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

लक्खी भंडार योजना में आर्थिक गड़बड़ी के आरोप में पुलिस ने हाल ही में रिषड़ा नगरपालिका के एक नंबर वार्ड के पार्षद पार्थ सारथी गुप्ता को भी गिरफ्तार किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय