दिलीप घोष के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की चुनाव आयोग से शिकायत, पुलिसकर्मियों को धमकाने का आरोप
कोलकाता, 25 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खड़गपुर में हाल में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मारने-पीटने की धमकी दी।
पार्टी की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि एक वायरल वीडियो में दिलीप घोष खड़गपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक को लेकर हिंसक और डराने वाली टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं।
इस मामले में दिलीप घोष की तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
तृणमूल कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि यह बयान भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए और दिलीप घोष को राज्य में तैनात पुलिस अधिकारियों को धमकी देने या उनके खिलाफ हिंसक बयान देने से रोका जाए।
पार्टी ने यह भी बताया कि 16 मार्च को भी कालीघाट और चेतला इलाके में तृणमूल नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को कथित तौर पर धमकाने के आरोप में दिलीप घोष के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई गई थी।
उल्लेखनीय है कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

