उत्तर बैरकपुर नगरपालिका में 15 पार्षदों का सामूहिक इस्तीफा, तृणमूल की बढ़ी चिंता
कोलकाता, 26 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस की चिंता अब नगर निकायों तक पहुंच गई है। राज्य के विभिन्न नगरपालिकाओं में लगातार पार्टी पार्षदों के इस्तीफों के बीच सोमवार को उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के 15 पार्षदों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया। विधानसभा चुनाव में नगरपालिका क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पार्षदों ने यह फैसला किया है। स्थिति की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम से उत्तर बैरकपुर नगरपालिका में राजनीतिक और प्रशासनिक अस्थिरता पैदा हो गई है।
हालिया विधानसभा चुनाव में 15 वर्षों की तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत हो गया। इसके बाद से राज्य के विभिन्न नगर निकायों में तृणमूल पार्षदों के सामूहिक इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया है। कांचरापाड़ा, हालिशहर, भाटपाड़ा और गारुलिया समेत कई नगरपालिकाओं में पार्षद पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। अब इसी कड़ी में उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के 15 पार्षदों ने भी पद छोड़ दिया।
23 वार्डों वाली इस नगरपालिका में पहले ही तीन पार्षदों का निधन हो चुका है। शेष पार्षदों में से 15 के इस्तीफे के बाद नगरपालिका में गंभीर प्रशासनिक संकट की स्थिति बन गई है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विपक्ष का दावा है कि लंबे समय से जनता से दूरी और पार्टी के अंदर गुटबाजी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग का कहना है कि संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद अब तृणमूल कांग्रेस को नगरपालिकाओं को लेकर भी चिंता सताने लगी है। फिलहाल राज्य के अधिकांश नगर निकाय तृणमूल के नियंत्रण में हैं, लेकिन लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव और पार्षदों के इस्तीफों से कई बोर्डों की स्थिरता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इसी पृष्ठभूमि में पिछले सप्ताह तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने कोलकाता नगर निगम के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया था। अब उन्होंने उत्तर उपनगर क्षेत्र की चार नगरपालिकाओं — दमदम, उत्तर दमदम, दक्षिण दमदम, बरानगर तथा बिधाननगर नगर निगम के मेयर, चेयरमैन और पार्षदों की बैठक भी बुलाई है। यह बैठक सोमवार शाम कालीघाट स्थित उनके आवास पर होने वाली है। ऐसे माहौल में उत्तर बैरकपुर नगरपालिका में पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे ने तृणमूल की चिंता और बढ़ा दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

