home page

जालालपुर पंचायत पर तृणमूल का कब्जा, कांग्रेस बोर्ड भंग

 | 
जालालपुर पंचायत पर तृणमूल का कब्जा, कांग्रेस बोर्ड भंग


मालदा, 22 जुलाई (हि. स.)। राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के चलते मालदा जिले के चांचल दो नंबर ब्लॉक स्थित जालालपुर ग्राम पंचायत पर आखिरकार तृणमूल कांग्रेस ने कब्जा कर लिया। बुधवार को नए प्रधान के चुनाव के साथ ही कांग्रेस संचालित बोर्ड का औपचारिक अंत हो गया। बुधवार को हुए नए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की बिजली अख्तर को प्रधान चुना गया। वहीं, तृणमूल में शामिल होने के कारण कोहिनूर बीबी अपने उपप्रधान पद पर बरकरार रही।

जानकारी के मुताबिक, जालालपुर ग्राम पंचायत में कुल 28 सीटें है। 2023 के पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने 16 और तृणमूल कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थी। इसके आधार पर कांग्रेस के तफिजुल हक प्रधान और कोहिनूर बीबी उपप्रधान बनी थी। हालांकि, इस वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक स्थिति बदलने लगी। कांग्रेस के पांच सदस्य, जिनमें उपप्रधान कोहिनूर बीबी भी शामिल थीं, तृणमूल में शामिल हो गए। इसके बाद तृणमूल के सदस्यों की संख्या बढ़कर 17 हो गई, जबकि कांग्रेस 11 पर सिमट गई। इसके बाद 22 मई को तृणमूल सदस्यों ने बीडीओ के पास कांग्रेस प्रधान को हटाने की मांग करते हुए लिखित आवेदन दिया। इस पर तीन जुलाई को बैठक बुलाई गई, जिसमें 17-11 मतों से अविश्वास प्रस्ताव पारित कर तफिजुल हक को पद से हटा दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार