home page

तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मदन मित्रा और केंद्रीय बलों के जवानों के बीच तीखी बहस

 | 
तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मदन मित्रा और केंद्रीय बलों के जवानों के बीच तीखी बहस


उत्तर 24 परगना, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान मदन मित्रा और केंद्रीय बलों के जवानों के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र की है, जहां तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मदन मित्रा को एक बूथ में प्रवेश करने से कथित तौर पर रोक दिया गया।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह से ही मदन मित्रा अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ इलाके का दौरा कर रहे थे। वह मतदान की स्थिति का जायजा ले रहे थे कि कहीं मतदाताओं को कोई परेशानी तो नहीं हो रही। दोपहर के समय जब वह कमरहाटी के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे, तब बाहर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान केंद्रीय बलों के जवानों ने उन्हें रोक लिया।

मदन मित्रा ने पीले रंग का कुर्ता पहन रखा था और गले में लाल रंग का कपड़ा डाला हुआ था। आरोप है कि उसी कपड़े से उनका उम्मीदवार पहचान पत्र ढक गया था। केंद्रीय बलों के जवानों ने उनसे साफ तौर पर कहा कि प्रार्थी का पहचान पत्र दिखाइए। यह सुनकर मदन मित्रा नाराज़ हो गए और उन्होंने पलटकर जवानों से ही पूछ लिया, “आप लोगों का पहचान पत्र कहां है? पहले वह दिखाइए।” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और माहौल गरमा गया।

स्थिति बिगड़ती देख मदन मित्र के सुरक्षा कर्मी आगे आए और उन्होंने उम्मीदवार का पहचान पत्र दिखाया। इसके बाद मामला शांत हुआ और मदन मित्रा को बूथ के अंदर जाने दिया गया। घटना के बाद नाराज़गी जताते हुए मदन मित्रा ने कहा कि हम भारत के नागरिक हैं, इस देश के मतदाता हैं। हमें इस तरह से रोका नहीं जा सकता।

इस घटना को लेकर कामरहाटी में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। दूसरे चरण के मतदान के बीच इस तरह की घटनाएं चुनावी तनाव को और बढ़ा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा