चुनाव 26 : कुल्टी विधानसभा सीट के तृणमूल प्रार्थी अभिजीत घटक ने नामांकन किया
आसनसोल, 02 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर नामांकन के तीसरे दिन गुरुवार को कुल्टी सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया।नामांकन के दौरान उनके साथ तृणमूल नेता भी मौजूद रहे, जिससे पार्टी की एकजुटता साफ दिखी। बड़ी संख्या में समर्थक भी वहां पहुंचे।
मीडिया से बात करते हुए अभिजीत घटक ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस कुल्टी सीट पर 50 हजार वोटों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने इस जीत को जनता जनार्दन को समर्पित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वे लगातार जनता के संपर्क में हैं और लोगों की समस्याओं को समझकर समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इस बार कुल्टी की जनता बदलाव के लिए वोट करेगी और “मां, माटी, मानुष” के नारे पर भरोसा जताएगी।
अभिजीत घटक ने यह भी कहा कि उज्जवल चटर्जी उनके मार्गदर्शक हैं और उनके अनुभव से चुनावी रणनीति को मजबूती मिल रही है।
नामांकन के बाद कुल्टी में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी पार्टियां पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी हैं। मुकाबला इस बार कड़ा होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

