चुनाव 26 : तृणमूल प्रत्याशी ने प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ता को गले लगाया
जलपाईगुड़ी, 09 अप्रैल (हि.स.)। चुनावी सरगर्मी के बीच राजगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सौहार्द की अलग ही तस्वीर देखने को मिली। तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी स्वप्ना बर्मन ने प्रचार के दौरान भाजपा की एक पंचायत सदस्य से मुलाकात कर आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
गुरुवार को प्रचार के दौरान स्वप्ना बर्मन बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के सेल्टरबाड़ी इलाके में पहुंची। यहां उन्होंने आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और चुनावी जनसंपर्क किया।
इसी दौरान उनकी मुलाकात भाजपा की पंचायत सदस्य बबीता मंडल से हुई। राजनीतिक मतभेद के बावजूद दोनों के बीच गर्मजोशी देखने को मिला। दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से बात की और गले मिलकर शुभकामनाएं दी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह का सौहार्द और आपसी सम्मान लोकतंत्र की सकारात्मक तस्वीर पेश करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

