खड़दह में तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष गिरफ्तार, अवैध जमीन भराई और वसूली के आरोप
उत्तर 24 परगना, 28 मई (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की हलचल थमने से पहले ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खड़दह ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और बंदीपुर पंचायत के उपप्रधान प्रसेनजीत साहा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर कल्याणी एक्सप्रेसवे के पास स्थित जलभूमि को अवैध तरीके से भरने, जमीन बिक्री सिंडिकेट चलाने और कई मामलों में अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रसेनजीत साहा के खिलाफ लंबे समय से इलाके में कई अवैध गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। विधानसभा चुनाव के दिन भी केंद्रीय बलों ने उनकी तलाश में अभियान चलाया था।
बताया गया है कि केंद्रीय बलों ने उनके घर को घेरकर लंबे समय तक तलाशी ली थी, लेकिन उस समय वह फरार हो गए थे, जिसके कारण उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका। आखिरकार पुलिस की सक्रियता के बाद इस प्रभावशाली तृणमूल नेता को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

