चुनाव 26 : धनियाखाली से नामांकन दाखिल कर बोलीं असीमा पात्र—“मेरी लड़ाई खुद से, बढ़ाएंगे जीत का अंतर”
हुगली, 02 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के धनियाखाली विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार असीमा पात्र ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि उनकी लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि खुद से है और इस बार जीत का अंतर और बढ़ाया जाएगा।
नामांकन के दिन असीमा पात्र ने धनियाखाली से बाइक और चारपहिया वाहनों के साथ एक रैली निकाली, जो चुचुड़ा के घड़ी मोड़ तक पहुंची। वहां से धामसा-मादल के साथ जुलूस निकालते हुए वह जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने युवा विभाग की अधिकारी मौली सान्याल के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा किया।
असीमा पात्र धनियाखाली से तीन बार विधायक रह चुकी हैं। वह 2011 से 2021 तक लगातार निर्वाचित हुईं और इस दौरान कुछ वर्षों तक मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने करीब 30 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। वहीं 2024 में इस क्षेत्र में तृणमूल उम्मीदवार रचना बनर्जी ने भाजपा की लॉकेट चटर्जी पर लगभग 42 हजार वोटों की बढ़त बनाई थी।
इस बार उसी अंतर को और बढ़ाने के लक्ष्य के साथ असीमा पात्र मैदान में हैं। उन्होंने कहा, “मेरी लड़ाई मेरे साथ है। एक तरफ भाजपा और चुनाव आयोग हैं और दूसरी तरफ राज्य की जनता है, जो इसका जवाब वोट के जरिए देगी।”
हालांकि, चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पहले असीमा पात्र अपने कई विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं। कभी उन्होंने भाजपा नेताओं को पेड़ से बांधने की बात कही, तो कभी चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए यह तक कह दिया कि “धनियाखाली में एक भी भाजपा कार्यकर्ता नहीं रह पाएगा।”
इसके बावजूद तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

