home page

टीटागढ़ में भाजपा के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल विजय सम्मेलन के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप

 | 

कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ में भाजपा के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचकर उपद्रवियों को खदेड़ना पड़ा, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

घटना शुक्रवार देर रात टीटागढ़ थाना के निकट मामाता मेडिकल हॉल के पास हुई। बताया जाता है कि स्थानीय भाजपा मंडल की ओर से आयोजित विजया सम्मेलन के समाप्त होने के कुछ देर बाद दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। एक गुट का आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद दूसरे गुट के सदस्यों ने उन पर हमला कर दिया।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हिंसक झड़प शुरू हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया।

इस घटना में घायल भाजपा कार्यकर्ता की पहचान करण सेठ के रूप में हुई है। उसे पहले बैरकपुर के बीएन बोस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, हालत बिगड़ने पर बाद में उसे कमरहाटी स्थित सागर दत्ता अस्पताल रेफर कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा