home page

सिलीगुड़ी में भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मंत्री और सांसद

 | 
सिलीगुड़ी में भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मंत्री और सांसद


सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिलीगुड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए देशभक्तों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट सहित स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज एक अधिक सुरक्षित, मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में बेहतर समन्वय से देशवासियों का विश्वास मजबूत हुआ है और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति भी मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने के साथ-साथ देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के बलिदान को याद किया गया।

पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य में शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने, विकास को गति देने, प्रशासन को मजबूत करने और नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इस अवसर पर लोगों से अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की गई। साथ ही देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के योगदान को याद करते हुए एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार