home page

कोलकाता के तिलजला में सोफा कारखाने में लगी आग, कोई हताहत नहीं

 | 

कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। महानगर कोलकाता में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। इस बार सोमवार तड़के तिलजला इलाके में स्थित एक सोफा बनाने के कारखाने में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कारखाना बंद था और वहां कोई श्रमिक मौजूद नहीं था। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे तिलजला के गोलाम जिलानी खान रोड स्थित सोफा कारखाने में अचानक आग लग गई। कारखाने से धुआं निकलता देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग और तिलजला थाने को दी।

कारखाने में सोफा बनाने के लिए बड़ी मात्रा में फोम, कपड़े, लकड़ी और ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे। इस कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना पाकर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग के आसपास के मकानों और अन्य कारखानों तक फैलने की आशंका थी। हालांकि, दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।

हालांकि, आग से कारखाने में रखे कच्चे माल और तैयार सामान को काफी नुकसान पहुंचने का अनुमान है।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी, इसकी जांच तिलजला थाना पुलिस और दमकल विभाग की ओर से की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता