कोलकाता के तिलजला गोलीकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
कोलकाता, 25 फरवरी (हि.स.)। महानगर के तिलजला इलाके में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने बुधवार तड़के पिता-पुत्र की जोड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद सलमान और उसके पिता मोहम्मद अनवर के रूप में हुई है। दोनों को उस समय दबोचा गया जब वे शहर से फरार होने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक आग्नेयास्त्र, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना के बाद से दोनों भूमिगत हो गए थे। मंगलवार देर रात सूचना मिली कि वे अंधेरे का फायदा उठाकर शहर छोड़ने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तिलजला रेलवे गेट संख्या दो के पास छापेमारी की। तड़के करीब तीन बजे रिक्शा स्टैंड के समीप घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात बेनियापुकुर थाना क्षेत्र के तिलजला रोड पर यह गोलीबारी हुई थी। आरोप है कि मोहम्मद सलमान ने मोहल्ले के युवक मोहम्मद नियाज उर्फ राजा को घर से बाहर बुलाकर उस पर गोली चला दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत कथित तौर पर शीतल पेय की दो बोतल चोरी होने के आरोप को लेकर हुई थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक वृद्ध दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर रखे फ्रिज से दो बोतलें गायब होने पर एक स्थानीय युवक पर चोरी का आरोप लगाया। युवक की मां ने इस आरोप का विरोध किया। दुकानदार ने मामले को सुलझाने के लिए पड़ोस के इलाके से सूरज नामक युवक को मध्यस्थता के लिए बुलाया। इसी बात पर नियाज ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
शाम के समय विवाद फिर उभर आया। आरोप है कि सलमान के पिता ने भी सूरज को बुलाने के फैसले का समर्थन किया, जिससे कहासुनी तेज हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान सलमान ने नियाज को धमकी दी थी।
परिजनों का कहना है कि देर रात करीब एक बजे सलमान ने बातचीत के बहाने नियाज को घर से बाहर बुलाया और बाहर आते ही उस पर गोलियां चला दीं। नियाज, जो एक गैराज में काम करता है, के पैर में दो गोलियां लगीं। उसे तत्काल एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस आगे की जांच के लिए दोनों की हिरासत की मांग कर सकती है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

