home page

चेंगमारी चाय बागान में कैंटर की टक्कर से तीन श्रमिकों की मौत, 11 घायल

 | 
चेंगमारी चाय बागान में कैंटर की टक्कर से तीन श्रमिकों की मौत, 11 घायल


जलपाईगुड़ी, 23 नवंबर (हि. स.)। नागराकाटा के चेंगमारी चाय बागान में एक अनियंत्रित कैंटर वाहन की चपेट में आने से तीन चाय श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान शिव सोरेन (40), हरिलाल उरांव (50) और सूरज उरांव (40) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेंगमारी चाय बागान का एक कैंटर वाहन अपर चेंगमारी से डिपा लाइन की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कैंटर कस्टम कार्यालय की ओर जा घुसा। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही तीन चाय श्रमिकों की मौत हो गई। जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी ने दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

वहीं, नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुना भेंगरा ने बताया कि श्रमिकों को अपर लाइन से डिपा लाइन वापस ले जाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर कस्टम कार्यालय में घुस गया। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए मालबाजार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है।

घटना से पूरे चाय बागान क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार