home page

खड़गपुर में कांसाई नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत

 | 
खड़गपुर में कांसाई नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत


खड़गपुर, 01 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में सोमवार सुबह कांसाई नदी में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना एनीकेत बांध के पास हुई। मृतकों की पहचान निखिल चारी (16), जेनिथ चारी (17) और कैलेब दिबांग (16) के रूप में हुई है। तीनों खड़गपुर के वार्ड संख्या 28 स्थित माझीपाड़ा इलाके के निवासी थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, छह दोस्तों का एक समूह सुबह घूमने निकला था। इसी दौरान तीन किशोर नदी में स्नान करने उतर गए। उनके साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने नदी में उतरने से मना किया था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। नदी में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आकर तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नाव की मदद से खोजबीन शुरू की। हालांकि नदी की गहराई अधिक होने के कारण उन्हें तत्काल नहीं खोजा जा सका।

सूचना मिलने पर खड़गपुर थाने की पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद तीनों किशोरों को बाहर निकाला गया और खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नदी के तेज बहाव के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता