दसवीं कक्षा के तीन छात्र लापता, परिवारों में चिंता
मेदिनीपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल थाना क्षेत्र में एक ही दिन दसवीं कक्षा के तीन छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। तीनों छात्र 30 अक्टूबर शुक्रवार से अपने घरों से लापता हैं। परिजनों की ओर से उनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लापता छात्रों में सुमन नायक और रूपम दास शामिल हैं। सुमन का घर घाटाल शहर में है, जबकि रूपम खड़ार शहर के उदयगंज का रहने वाला है। दोनों आपस में दोस्त हैं और वीरसिंह भगवती हाईस्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। बताया गया है कि दोनों 30 अक्टूबर शुक्रवार की सुबह पढ़ने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। घरवालों के खोज बिन करते समय, रात में घर में रखी एक डायरी में 'मुंबई जा रहा हूं' लिखा हुआ मिला है।
वहीं, तीसरा छात्र ऋतु बेरा घाटाल शहर के कृष्णनगर का रहने वाला है। वह घाटाल विद्यासागर हाईस्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ता है। बताया गया है कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह भी दोपहर को घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। शुक्रवार रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
तीनों छात्रों के लापता होने से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस से मामले की जानकारी साझा की गई है। पुलिस की ओर से छात्रों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

