home page

आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

 | 
आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत


दक्षिण दिनाजपुर, 04 जून (हि. स.)। जिले के बुनियादपुर में गुरुवार शाम आए अचानक तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटना ने एक परिवार को उजाड़ दिया। खेत में काम करने गए पति, पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।मृतकों की पहचान विश्वनाथ सरकार (38), उनकी पत्नी पुष्पा सरकार (30) और बेटी नंदिता सरकार (11) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों गुरुवार शाम अपने खेत में मक्का तोड़ने गए थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली गिर गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज आवाज के बाद जब लोग खेत की ओर दौड़े तो तीनों को जमीन पर बेहोश हालत में पाया गया। तुरंत उन्हें रशीदपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल में एक ही बेड के पास रखे तीनों शवों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गई।

परिवार का एकमात्र आठ वर्षीय बेटा सुमन घर पर माता-पिता और बहन का इंतजार करता रह गया, जिससे यह हादसा और भी मार्मिक हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक दंपति बेहद मेहनती और शांत स्वभाव के थे। एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार