home page

मालदा : फायरिंग में तीन घायल, आरोपित के पिता की पीट-पीटकर हत्या

 | 
मालदा : फायरिंग में तीन घायल, आरोपित के पिता की पीट-पीटकर हत्या


मालदा, 05 मार्च (हि. स.)। जिले के मानिकचक के मथुरापुर इलाके में बुधवार रात हिंसा और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कथित तौर पर शराब के नशे में हुए विवाद के बाद गोलीबारी हुई, जिसमें एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों के नाम सम्राट रजक (09), घिशु रजक (45) और अरुण मंडल (50) हैं। गुस्साई भीड़ ने आरोपित के पिता समीर दासगुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रजकपाड़ा इलाके के कुछ युवकों के साथ राशन डीलर समीर दासगुप्ता के बेटे समय दासगुप्ता का नशे की हालत में विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के दौरान समय ने कुछ युवकों के साथ मारपीट की और फिर बाइक लेकर वहां से भाग गया।

इसके बाद नाराज युवक और उनके परिजन समय के घर तक पहुंच गए। घर के सामने फिर से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान समय ने अपने पिता की लाइसेंस प्राप्त बंदूक निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि कई राउंड गोलियां चलाई गई। फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। बताया गया है कि अरुण मंडल समीर दासगुप्ता की राशन दुकान में कर्मचारी के रूप में काम करते थे। घटना के बाद स्थानीय लोग घायलों को पहले मानिकचक ग्रामीण अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल बच्चे की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

फायरिंग की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपित के घर पर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ ने आरोपित के पिता और राशन डीलर समीर दासगुप्ता को पकड़कर बुरी तरह पीटा।

सूचना मिलने पर मानिकचक थाने की पुलिस बड़ी संख्या में मौके पर पहुंची और उन्हें बचाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही पिता की मौत हो गई। घटना के बाद मुख्य आरोपित समय दासगुप्ता फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं, आरोपित के एक रिश्तेदार समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार