home page

काली पूजा देखकर लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत

 | 

कूचबिहार, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के माथाभांगा इलाके में काली पूजा देखकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई है। बुधवार तड़के माथाभांगा-मयनागुड़ी राज्य सड़क पर शिकारपुर स्थित नए पेट्रोल पंप के पास मुर्गियों से लदी एक पिकअप वैन और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप वैन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान शुभजीत सरकार (25), संजय रविदास (26) और नीलाद्री शेखर राय (25) के रूप में हुई है। शुभजीत और नीलाद्री शेखर माथाभांगा के 9 और 10 नंबर वार्ड के निवासी थे, जबकि संजय दक्षिण पचागढ़ इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात तीनों दोस्त एक ही बाइक से धूपगुड़ी में काली पूजा देखने गए थे। रातभर पूजा देखने के बाद बुधवार तड़के घर लौटते समय उनकी बाइक की पिकअप वैन से टक्कर हो गई। हादसे में घायल पिकअप वैन चालक गोपाल राय को इलाज के लिए जलपाईगुड़ी रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवकों की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार