ग्रीन कॉरिडोर से कोलकाता पहुंचाया, फिर भी नहीं बची 10 वर्षीय राहुल की जान
पश्चिम मेदिनीपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ के उकुनमारी में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल 10 वर्षीय राहुल दोलाई की गुरुवार को कोलकाता के अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में पहले ही दो किशोरों की जान जा चुकी थी। राहुल की मृत्यु के साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
उल्लेखनीय है कि दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल राहुल को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी स्थिति लगातार बिगड़ने के कारण बेहतर उपचार के लिए उसे कोलकाता ले जाने की आवश्यकता पड़ी। इसके बाद नारायणगढ़ के विधायक रामप्रसाद गिरि की पहल पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
विधायक के निर्देश पर स्थानीय भाजपा नेतृत्व और क्षेत्र के समाजसेवी प्रद्युत भुइयां बच्चे को लेकर कोलकाता पहुंचे। चिकित्सकों ने राहुल को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गुरुवार को राहुल की मृत्यु को लेकर पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। एक ही दुर्घटना में तीन बच्चों की मौत से परिवारों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

