home page

चुनावी माहौल के बीच एक मंच पर आए तीन पार्टियों के उम्मीदवार

 | 
चुनावी माहौल के बीच एक मंच पर आए तीन पार्टियों के उम्मीदवार


मालदा, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के चांचल दो ब्लॉक के क्षेमपुर में चुनावी गर्मी के बीच सामाजिक सौहार्द की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। मंगलवार रात भर ‘सरहुल’ और सरना प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें खास बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार एक ही मंच पर नजर आए।

इस मंच पर कांग्रेस की मौसम नूर, तृणमूल कांग्रेस के अब्दुर रहीम बक्सी और भाजपा के आशीष दास ने साथ मिलकर हिस्सा लिया। चुनाव में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी होने के बावजूद, आदिवासी समाज के आमंत्रण पर तीनों नेताओं ने एकजुट होकर मंच साझा किया।

तीनों उम्मीदवारों ने अपने संबोधन में आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास का वादा किया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह का एकजुट संदेश सामाजिक एकता को मजबूत करता है।

सरना धर्म की परंपरा के अनुसार, इस उत्सव में साल वृक्ष की पूजा और सूर्य के साथ धरती का प्रतीकात्मक विवाह कराया जाता है, जो प्रकृति और जीवन के गहरे संबंध को दर्शाता है।

इस दौरान झुमुर नृत्य और सरना गीतों से पूरा इलाका उत्सव में डूब गया।

कार्यक्रम में सरना प्रार्थना सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंधन तिग्गा, महासचिव विद्यासागर केराकाटा और ऑल इंडिया उरांव कमेटी के मालदा जिलाध्यक्ष छबीलाल उरांव समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर करीब 50 आदिवासी मोरलों को सम्मानित किया गया। मालदा और आसपास के इलाकों से लगभग पांच हजार आदिवासी महिला-पुरुष इस आयोजन में शामिल हुए। धार्मिक परंपरा के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार