पांडवेश्वर में इलाके के वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, 12 घायल
पश्चिम बर्दवान, 20 सितंबर (हि. स.)। जिले के पांडवेश्वर में इलाके पर वर्चस्व को लेकर रविवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गया। घटना गोसाईडांगा हनुमान मंदिर के पास की बताई जा रही है। इस झड़प में दोनों गुटों के करीब 10 से 12 लोग घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह अंडाल से किन्नरों का एक गुट इलाके में पहुंचा था। इसी दौरान पांडवेश्वर के किन्नरों का दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच इलाके को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घायलों को पांडवेश्वर उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां करीब तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पाकर पांडवेश्वर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित किया गया, हालांकि घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। दोनों पक्षों की ओर से पांडवेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराया गया है।
अंडाल गुट के प्रमुख का आरोप है कि पांडवेश्वर में रहने वाले कुछ सदस्य पहले अंडाल में उनके अधीन रहते थे और विभिन्न आरोपों के बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया था। इसके बाद वे पांडवेश्वर में रहने लगे और कथित तौर पर अंडाल के सदस्यों के आने-जाने में बाधा डालने लगे। वहीं, पांडवेश्वर गुट का कहना है कि संबंधित इलाका उनका है और अंडाल से आए लोग जबरन क्षेत्र पर कब्जा करने के उद्देश्य से पहुंचे थे।
पांडवेश्वर गुट ने यह भी आरोप लगाया कि हमला पहले दूसरे पक्ष की ओर से किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

