मोबाइल दुकान में चोरी के आरोप में दो नाबालिग समेत तीन पकड़े गए
कोलकाता, 13 अगस्त (हि. स.)। कमरहाटी थाना अंतर्गत अनवर बागान इलाके में एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों (नाबालिग आरोपित) समेत तीन लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए 12 मोबाइल फोन में से आठ मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कमरहाटी थाना में बुधवार को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता आफताब आलम ने लिखित शिकायत में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब तीन बजे अज्ञात लोगों ने अनवर बागान स्थित उनकी मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 12 मोबाइल फोन और करीब एक हजार 200 रुपये नकद चोरी कर लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने दो बाल अपचारियों तथा एक आरोपित को पकड़ा।
पकड़े गए लोगों में मोहम्मद मिराज अली (14), मोहम्मद रिजवान (16) तथा शाहजाद आलम (21) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मिले बयानों के आधार पर चोरी के आठ मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपित फरार है और उसके पास चोरी के बाकी सामान तथा नकदी होने की आशंका है। उसकी गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की ओर से तलाश अभियान जारी है।
दोनों बाल अपचारियों को गुरुवार को साल्ट लेक स्थित प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपित शाहजाद आलम को बैरकपुर के एकसीजेएम अदालत में पेश किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

