पहाड़ समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, दार्जिलिंग में हुई अहम बैठक
दार्जिलिंग, 10 जून (हि.स.)। दार्जिलिंग से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां लंबे समय से चली आ रही पहाड़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है। पिछले वर्ष अक्टूबर में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहाड़ की राजनीतिक जटिलताओं को सुलझाने के लिए पंकज कुमार सिंह को मध्यस्थ नियुक्त किया था। इस जिम्मेदारी के बाद पहली बार उन्होंने भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) के अध्यक्ष और गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन (जीटीए) प्रमुख अनीत थापा के साथ बैठक की।
राजनीतिक विशेषज्ञ इस बैठक को काफी अहम मान रहे है। लंबे समय से पहाड़ के लोगों की मांग रही है कि क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी और ठोस राजनीतिक समाधान निकाला जाए। अनीत थापा भी कई मंचों से इस मुद्दे को उठाते रहे है।बुधवार को हुई इस बैठक में मुख्य रूप से पहाड़ की समस्याओं के स्थायी और शीघ्र समाधान के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद अनीत थापा ने कहा कि यह चर्चा सकारात्मक और रचनात्मक रही, जिससे पहाड़ के समग्र विकास और राजनीतिक गतिरोध को खत्म करने की दिशा में उम्मीद जगी है।
वहीं, मध्यस्थ पंकज कुमार सिंह ने भी संकेत दिया है कि वे सभी राजनीतिक दलों से बातचीत कर समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस पहल के बाद दार्जिलिंग और आसपास के पहाड़ी इलाकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान किस दिशा में आगे बढ़ता है और इसका आम लोगों के जीवन पर कितना सकारात्मक असर पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

