कूचबिहार में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर तनाव
कूचबिहार, 05 मार्च (हि. स.)। भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर गुरुवार सुबह जिले के खागड़ाबाड़ी इलाके में माहौल गरमा गया। एक ही स्थान पर सत्तारूढ़ और विपक्षी पार्टी के कार्यक्रम होने के कारण इलाके में काफी तनाव की स्थिति बन गई। हालात को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया गया कि एक मार्च को कूचबिहार के रास मेला मैदान में इस कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया था। उसी योजना के तहत गुरुवार रास मेला मेला मैदान के पास पंचानन बर्मा की प्रतिमा के सामने से भाजपा की रथयात्रा शुरू हुई। यह यात्रा खागड़ाबाड़ी, राजारहाट और पुंडिबाड़ी होते हुए माथाभांगा पहुंचने वाली थी।
इधर मतदाता सूची संशोधन यानी के जरिए आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता खागड़ाबाड़ी में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। जैसे ही भाजपा की रथयात्रा वहां से गुजरी, तृणमूल कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने भी नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी से इलाके में तनाव बढ़ गया, हालांकि पुलिस की तत्परता के कारण कोई झड़प नहीं हुई। कड़ी पुलिस निगरानी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

