home page

पार्टी झंडा फाड़ने की घटना से इलाके में हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सियासी घमासान

 | 
पार्टी झंडा फाड़ने की घटना से इलाके में हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सियासी घमासान


जलपाईगुड़ी, 16 अप्रैल (हि. स.)। जिले के धुपगुड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 में झंडे और फेस्टून फाड़ने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि सड़क किनारे लगे तृणमूल कांग्रेस और माकपा के कई झंडे फटे हुए हालत में पड़े है।

इस घटना के बाद लोगों के मन में सवाल उठने लगा कि आखिर इसके पीछे कौन है।

कुछ ही देर में इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति को रात के अंधेरे में एक-एक कर झंडे फाड़ते हुए देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

तृणमूल नेता देव दुलाल घोष ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि विरोधी उनकी जीत तय मानकर इस तरह की हरकतें कर रहे है। वहीं, भाजपा नेता चंदन दत्त ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को जीत के लिए इस तरह के काम करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। धुपगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और शांति बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार