home page

मेखलीगंज सीमा पर बालू-पत्थर निकालने को लेकर तनाव, बीएसएफ की कार्रवाई के बाद पीछे हटे लोग

 | 
मेखलीगंज सीमा पर बालू-पत्थर निकालने को लेकर तनाव, बीएसएफ की कार्रवाई के बाद पीछे हटे लोग


कूचबिहार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मेखलीगंज उपमंडल स्थित भारत-बांग्लादेश सीमा पर शनिवार को बालू और पत्थर निकालने को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सानियाजान नदी के सीमावर्ती इलाके में हुई इस घटना के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की तथा पत्थरबाजी की खबर सामने आई थी। घटना के बाद रविवार को सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नदी से बालू और पत्थर निकालने के दौरान बीएसएफ के जवानों ने कुछ लोगों को रोकने की कोशिश की थी। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग लाठी और पत्थर लेकर जवानों के सामने आ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीएसएफ की ओर से स्टन ग्रेनेड या साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना को लेकर दोनों देशों की सीमा सुरक्षा एजेंसियों के दावों में अंतर है।

बांग्लादेश के सीमा रक्षक बल (बीजीबी) ने आरोप लगाया है कि बीएसएफ के जवान सीमा पार कर बांग्लादेशी क्षेत्र में पहुंचे और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। बीजीबीके अनुसार, इस मामले में बीएसएफ के समक्ष औपचारिक विरोध भी दर्ज कराया गया। वहीं, बीएसएफ ने सीमा पार करने और ग्रेनेड फेंकने के आरोपों से इनकार किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मामले के बाद सीमावर्ती इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार