home page

जलपाईगुड़ी में आलू बांड को लेकर बवाल, किसानों का सड़क जाम

 | 
जलपाईगुड़ी में आलू बांड को लेकर बवाल, किसानों का सड़क जाम


जलपाईगुड़ी, 28 फरवरी (हि.स)। आलू रखने के बांड (स्टोरेज स्लिप) वितरण को लेकर शनिवार तड़के जलपाईगुड़ी में भारी हंगामा हो गया। जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक स्थित बाहादुर कोल्ड स्टोरेज के बाहर रात से ही किसानों की लंबी कतार लग गई थी।

सुबह होते-होते भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी किसानों की कहासुनी और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाइन टूटने के बाद सौ से अधिक किसान कोल्ड स्टोरेज परिसर के अंदर घुस गए।

हालात बिगड़ते देख कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने आलू बांड वितरण की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोक दिया। इससे नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की गई।

किसानों का आरोप है कि पर्याप्त बांड उपलब्ध नहीं कराए जा रहे, जिसके कारण हर साल ऐसी अव्यवस्था होती है। प्रशासन की ओर से मामले को सुलझाने के लिए बातचीत की पहल की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार