पूर्व मेदिनीपुर में सड़क निर्माण निविदा में करोड़ों रुपये की अनियमितता का आरोप
पूर्व मेदिनीपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चर्चित टुलू मंडल प्रकरण की आंच अब पूर्व मेदिनीपुर तक पहुंचती दिखाई दे रही है। जिले के एगरा क्षेत्र में कसबा गोला से मीरगोदा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य की निविदा और निर्माण प्रक्रिया को लेकर करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टुलू मंडल पर विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं में अनियमितता के आरोप पहले से लगाए जाते रहे हैं। आरोप है कि उनके अधीन 84 सड़क परियोजनाएं थीं, जिनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा पथश्री योजना की सड़कें भी शामिल हैं। विभिन्न सूत्रों के अनुसार इन परियोजनाओं में लगभग 144 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।
इसी क्रम में एगरा के कसबा गोला से मीरगोदा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क का मामला भी चर्चा में है। आरोप है कि लगभग 10 करोड़ रुपये की इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया में अनियमितता हुई।
ताज कंस्ट्रक्शन के स्वामी शेख मुक्ताजुल ने आरोप लगाया है कि तकनीकी रूप से निविदा उनके पक्ष में होने के बावजूद उन्हें कार्यादेश नहीं दिया गया और प्रभाव का उपयोग कर यह कार्य टुलू मंडल को दिला दिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया है। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें बुलाकर मामला वापस लेने का दबाव बनाया गया।
दूसरी ओर, एगरा-एक प्रखंड के पूर्त संचालक अजीत कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जहां सड़क के किनारे तीन फुट तक कंक्रीट कार्य होना था, वहां केवल बालू भरकर कार्य पूरा कर दिया गया।
एगरा सहाड़ा ग्राम पंचायत की प्रधान पुष्परानी साउ माइती ने भी सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
हालांकि, इन सभी आरोपों पर संबंधित पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

