अतिरिक्त भीड़ घटाने के लिए सात ट्रेनों में अस्थायी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे
खड़गपुर, 06 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए आठ अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सीट उपलब्ध कराना तथा भीड़ कम करना है।
रेलवे के अनुसार, 12837 हावड़ा–पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में आठ से 14 अगस्त तक एक शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। 12883 संतरागाछी–पुरुलिया रूपसी बांग्ला एक्सप्रेस तथा 12884 पुरुलिया–हावड़ा रूपसी बांग्ला एक्सप्रेस में नौ अगस्त को एक-एक गैर वातानुकूलित कुर्सीयान कोच जोड़ा जाएगा।
इसी प्रकार 18030 शालीमार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस कुर्ला एक्सप्रेस में आठ से 14 अगस्त तक एक तृतीय वातानुकूलित तथा एक शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। 18039 शालीमार–पुरी एक्सप्रेस में नौ अगस्त को एक शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा 18045 शालीमार–चारलापल्ली ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस में आठ से 14 अगस्त तक एक तृतीय वातानुकूलित कोच तथा 18063 संतरागाछी–येलहंका साप्ताहिक वातानुकूलित एक्सप्रेस में 13 अगस्त को एक तृतीय वातानुकूलित कोच लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

