दक्षिण बंगाल में सात डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
कोलकाता, 10 अप्रैल (हि. स.)। चैत्र माह के समाप्त होते ही पश्चिम बंगाल के लोगों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत तक ठंडक का असर खत्म हो जाएगा और अगले तीन चार दिनों में दक्षिण बंगाल के अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में बारिश थम जाएगी। हालांकि उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। वहां भी तापमान बढ़ने की आशंका है। ऐसे में बांग्ला नववर्ष के दिन भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले कुछ दिनों से तेज आंधी और बारिश के कारण पूरे पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट आई थी। लेकिन शुक्रवार से दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश कम हो जाएगी। शनिवार से सोमवार तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। सोमवार से बुधवार तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा दक्षिण 24 परगना जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे थोड़ी देर के लिए ठंडक महसूस होगी, लेकिन रविवार से फिर तापमान बढ़ने लगेगा।कोलकाता में भी हल्की ठंडक का असर शुक्रवार से खत्म हो जाएगा और तापमान बढ़ने लगेगा। गुरुवार को बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे था, लेकिन शुक्रवार सुबह से आसमान साफ रहने की संभावना है और दोपहर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सप्ताहांत में बारिश की संभावना नहीं है। अगले सप्ताह की शुरुआत में कोलकाता में भी तापमान बढ़ेगा और उमस बढ़ेगी। 15 अप्रैल को कोलकाता सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्म और असहज मौसम रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

