home page

तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत

 | 
तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत


जलपाईगुड़ी, 30 मई (हि.स.)। फूलबाड़ी इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान राजू मोहम्मद (12) के रूप में हुई है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजू अपने तीन दोस्तों के साथ इलाके के एक तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में डूब गया। घटना को देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पानी से बाहर निकाला।घटना की सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।इधर, स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया है कि करीब एक साल पहले एक बाउंड्रीवाल निर्माण के दौरान पानी की जरूरत के लिए मैदान में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया था, जो बाद में तालाब का रूप ले चुका है। निर्माण कार्य खत्म होने के बाद भी इस गड्ढे को भरा नहीं गया, जिससे यह हादसा हुआ है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गड्ढे को तुरंत भरवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार