home page

सिलीगुड़ी में तृणमूल के झंडे फाड़ने का आरोप, शिकायत दर्ज

 | 
सिलीगुड़ी में तृणमूल के झंडे फाड़ने का आरोप, शिकायत दर्ज


सिलीगुड़ी, 20 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी झंडे और बैनर फाड़े जाने को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। रथखोला मैदान इलाके में गुरुवार देर रात हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा झंडे हटाने और फाड़ने की तस्वीरें कैद होने का दावा किया जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में अलग-अलग जगहों पर तृणमूल के झंडे लगाए गए थे, जिन्हें सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया। तृणमूल का आरोप है कि जहां उनके झंडे फाड़े गए, वहीं राम नवमी के अवसर पर लगे भगवा झंडे सुरक्षित रहे, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।

इस मामले में दार्जिलिंग जिला तृणमूल छात्र परिषद ने शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शहर के विभिन्न हिस्सों में रात के अंधेरे में इसी तरह की घटनाएं हो रही हैं और इसके लिए उन्होंने सीधे भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।

तृणमूल का कहना है कि चुनाव में हार की आशंका से भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की हरकत कर रहे हैं।

हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

पार्टी का कहना है कि यह आरोप बेबुनियाद है। वहीं, तृणमूल छात्र परिषद ने साफ किया है कि इस मुद्दे का जवाब वे राजनीतिक मैदान में देंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार