home page

पूजा बोनस और बकाया वेतन की मांग को लेकर डुआर्स में चाय श्रमिकों का प्रदर्शन

 | 
पूजा बोनस और बकाया वेतन की मांग को लेकर डुआर्स में चाय श्रमिकों का प्रदर्शन


जलपाईगुड़ी, 07 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गा पूजा से पहले डुआर्स के बागराकोट चाय बागान में बोनस और बकाया वेतन को लेकर श्रमिकों का आक्रोश सामने आया है। बुधवार को श्रमिकों ने 20 प्रतिशत पूजा बोनस और अगस्त-सितंबर के तीन पखवाड़े का बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर काम बंद कर प्रदर्शन किया। इसके बाद मिना मोड़ के पास नेशनल हाइवे-17 को जाम कर दिया गया। सड़क अवरुद्ध होने से सिलीगुड़ी-डुआर्स मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबा जाम लग गया।

श्रमिकों का आरोप है कि पिछले वर्ष का दस प्रतिशत बोनस भी अब तक बकाया है, जबकि चालू वर्ष का 20 प्रतिशत बोनस और तीन पखवाड़े का वेतन भी नहीं मिला है। मांगों पर बागान प्रबंधन की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है। सूचना पाकर मालबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में बागान प्रबंधन की ओर से 13 अक्टूबर तक 20 प्रतिशत बोनस का भुगतान करने का आश्वासन दिए जाने के बाद श्रमिकों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके साथ ही नेशनल हाइवे-17 से अवरोध हटाया गया और यातायात सामान्य हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार