home page

बोनस की मांग को लेकर चाय श्रमिकों का प्रदर्शन

 | 
बोनस की मांग को लेकर चाय श्रमिकों का प्रदर्शन


सिलीगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बोनस की मांग को लेकर नक्सलबाड़ी चाय बागान के श्रमिकों का आंदोलन सोमवार से शुरू हो गया है। श्रमिकों ने बागान परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और बकाया बोनस का भुगतान करने की मांग की।

श्रमिकों का आरोप है कि पिछले वर्ष का तीन प्रतिशत बोनस अब तक बकाया है। वहीं, इस वर्ष 20 प्रतिशत बोनस देने की मांग के बावजूद प्रबंधन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। श्रमिकों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने पांच अक्टूबर तक चाय बागानों में बोनस भुगतान का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद नक्सलबाड़ी चाय बागान में समस्या का समाधान नहीं हुआ।

श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि पिछले वर्ष का तीन प्रतिशत बकाया और इस वर्ष का 20 प्रतिशत बोनस नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। श्रमिकों के अनुसार, बागान में जैविक तरीके से चाय उत्पादन किया जाता है और वे पूरे वर्ष मेहनत करते हैं, लेकिन बोनस के समय उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं, बागान के मैनेजर पेट्रिक तमांग ने बताया कि मामले की जानकारी मालिक पक्ष को दे दी गई है। फिलहाल दस प्रतिशत बोनस देने को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने बागान की आर्थिक स्थिति को समस्या की वजह बताया है। हालांकि, श्रमिक अपनी मांग पर अड़े हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार