बकाया वेतन और बोनस की मांग पर चाय श्रमिकों ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग जाम
जलपाईगुड़ी, 10 अक्टूबर (हि.स)। दुर्गापूजा से पहले बकाया वेतन और एकमुश्त 20 प्रतिशत बोनस नहीं मिलने से नाराज न्यूग्लैंक चाय बागान के श्रमिकों ने शनिवार सुबह मालबाजार के निकट न्यूमाल ओवरब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-17 जाम कर प्रदर्शन किया। इसके कारण मालबाजार-सिलीगुड़ी मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि बागान प्रबंधन निर्धारित समय के भीतर बोनस देने में विफल रहा है। श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि वे किस्तों में बोनस स्वीकार नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि एकमुश्त पूरा 20 प्रतिशत बोनस और सभी बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मालबाजार थाने की पुलिस और न्यूमाल जंक्शन से रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क से जाम हटाकर यातायात सामान्य करने के लिए पुलिस श्रमिकों और बागान प्रबंधन के साथ बातचीत कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

