उम्मीदवार बदलने की मांग पर आदिवासी चाय मजदूरों का सड़क जाम
सिलीगुड़ी, 22 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार को बदलने की मांग को लेकर आदिवासी चाय मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने रविवार को सिलीगुड़ी-कोलकाता को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-27 को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
दरअसल, तृणमूल ने इस सीट से रीना टोप्पो एक्का को उम्मीदवार बनाया है, जो वर्तमान में पंचायत समिति की अध्यक्ष है। लेकिन स्थानीय आदिवासी चाय मजदूरों की मांग है कि उनकी जगह महकमा परिषद की सह-सभाधिपति रोमा रेशमी एक्का को उम्मीदवार बनाया जाए।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे तृणमूल का समर्थन करते है, लेकिन उनके क्षेत्र में रोमा रेशमी एक्का ने जमीनी स्तर पर काम किया है और लोगों के बीच उनकी पहचान है।
वहीं, रीना टोप्पो एक्का को इलाके में ज्यादा लोग नहीं जानते है। मजदूरों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द उम्मीदवार नहीं बदला गया, तो वे चुनाव में दूसरे विकल्प पर विचार करेंगे।
वहीं, इस मुद्दे पर तृणमूल के फांसीदेवा विधानसभा कोऑर्डिनेटर काजल घोष ने कहा कि पार्टी ने सोच-समझकर उम्मीदवार का चयन किया है और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के फैसले का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पार्टी हितों के खिलाफ जाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

