home page

श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाली हिंदुओं के अस्तित्व की रक्षा की: तथागत राय

 | 
श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाली हिंदुओं के अस्तित्व की रक्षा की: तथागत राय


कोलकाता, 20 जून (हि.स.)। मेघालय के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ राजनीतिक चिंतक तथागत राय ने कहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के निर्णायक हस्तक्षेप के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना और बंगाली हिंदुओं के लिए सुरक्षित क्षेत्र सुनिश्चित हो सका। बंगिय शिल्प कला परिषद की ओर से पश्चिम बंगाल दिवस के आयोजन के मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर तथागत राय ने कहा कि यदि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उस समय सक्रिय भूमिका नहीं निभाते, तो आज पश्चिम बंगाल की स्थिति भी बांग्लादेश के उन क्षेत्रों जैसी होती, जहां हिंदू समुदाय अल्पसंख्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में बंगाली हिंदुओं के अस्तित्व पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता था।

उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के समय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि भारत का विभाजन धर्म के आधार पर किया जा रहा है, तो बंगाल का भी विभाजन होना चाहिए। उनके अनुसार, बंगाल के उन क्षेत्रों को भारत में शामिल किया जाना चाहिए, जहां बंगाली हिंदू सुरक्षित रूप से रह सकें।

तथागत राय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदर्शिता और संघर्ष के कारण पश्चिम बंगाल का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि बंगाली हिंदुओं के लिए पश्चिम बंगाल केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक अस्तित्व की रक्षा का हिंदू होम लैंड है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर