तारकेश्वर में साधु-संतों के प्रचार को लेकर बढ़ा तनाव, भाजपा प्रत्याशी का धरना
हुगली, 13 अप्रैल (हि. स.)। तारकेश्वर के संतोषपुर इलाके में साधु-संतों के धार्मिक प्रचार को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया, जहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस आमने-सामने नजर आए।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, एक समूह साधु-संतों का धार्मिक प्रचार के लिए संतोषपुर क्षेत्र में निकला था। आरोप है कि उनके प्रचार में बाधा डाली गई। यह भी आरोप लगाया गया कि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व की ओर से साधुओं को रोका गया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही तारकेश्वर से भाजपा प्रत्याशी संतु पान मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना के विरोध में सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को मौके पर तैनात किया गया, जिसके बाद हालात काबू में लाए गए।
वहीं, संतोषपुर ग्राम पंचायत की तृणमूल उप-प्रधान रमा मलिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इलाके के लोग पहले से ही हिंदू सनातनी हैं और यहां इस तरह के प्रचार की आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब लोग अन्य समस्याओं से जूझ रहे थे, तब भाजपा कहां थी।
दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी संतु पान ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि साधु-संतों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें अपमानित किया गया। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति के लिए भी तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।
फिलहाल, घटना के बाद इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

