तारापीठ में सस्ते आवास की सुविधा, कौशिकी अमावस्या पर होंगे विशेष इंतजाम
कोलकाता, 29 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को बीरभूम जिले के तारापीठ में कौशिकी अमावस्या के आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। तारापीठ में पूजा-अर्चना के बाद रामपुरहाट में प्रशासनिक बैठक करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशिकी अमावस्या को और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी और सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कौशिकी अमावस्या के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को तारापीठ में एक बड़ा पर्यटक आवास केंद्र बनाने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य मध्यमवर्गीय और निम्न-मध्यमवर्गीय परिवारों को कम खर्च में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन योजना तैयार करेगा और उसके बाद पर्यटक आवास केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 10 अक्टूबर तक नगर निकाय, पंचायत और लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत पूरी करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सिउड़ी मेडिकल कॉलेज, देवचा-पचामी और रेलवे से जुड़े विभिन्न कार्यों पर भी चर्चा हुई।
कौशिकी अमावस्या को लेकर विशेष सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था की भी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर विशेष सहायता शिविर बनाए जाएंगे। इन शिविरों में बाउल कलाकारों के साथ पुलिस बूथ और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था रहेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तारापीठ में हाल में हुई आग की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष सावधानी बरती जाएगी। उन्होंने होटलों में रात के समय मेहमानों को बाहर जाने से रोकने के लिए दरवाजों पर ताला लगाने की व्यवस्था पर भी चिंता जताई और इसे तत्काल बदलने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी व्यवस्था किसी होटल को आग की स्थिति में बेहद खतरनाक बना सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

