तारापीठ अग्निकांड की जांच की मांग, अधीर रंजन चौधरी ने उठाए सवाल
मुर्शिदाबाद, 17 अगस्त (हि. स.)। बीरभूम के तारापीठ में निजी लॉज में हुए अग्निकांड के मामले में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने जांच की मांग की है। उन्होंने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तारापीठ में जिस तरह से एक बड़े भवन में आग लगी और लोगों की जान गई, ऐसी घटना लगभग अवश्यंभावी थी।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पवित्र तीर्थस्थल के रूप में प्रसिद्ध तारापीठ को वर्षों से कंक्रीट के जंगल में बदल दिया गया है। जगह-जगह होटल बनाए जाने के कारण खुले स्थान लगभग समाप्त हो गए हैं और पूरे क्षेत्र में उचित योजना का भी अभाव है।
उन्होंने कहा कि इन होटलों के निर्माण में सुरक्षा के बजाय केवल आर्थिक लाभ को प्राथमिकता दी गई। किसी स्थान पर आग लगने की स्थिति में दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं मिलेगा। ऐसे में बचाव अभियान चलाना भी मुश्किल होगा और आम लोगों के असहाय होकर जान गंवाने का खतरा बना रहेगा।
अधीर ने कहा कि तारापीठ की जमीन पर किस तरह अतिक्रमण हुआ है, इसकी पूरी जांच करना बेहद जरूरी है।
सोमवार तड़के तारापीठ के एक लॉज में लगी आग में आठ लोगों की मौत हो गई। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घायलों में कुछ लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

